कोलंबो, 26 अगस्त (भाषा) श्रीलंका ने भारत के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के चौथे दिन बुधवार को यहां फॉलोऑन करते हुए लंच तक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 83 रन बनाए।
श्रीलंका इस तरह से भारत से 130 रन पीछे है। लंच के समय पासिंदु सूरियाबंडारा 35 और कामिंदु मेंडिस 10 रन पर खेल रहे थे। भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिया है।
इससे पहले श्रीलंका ने सोनल दिनुशा (103) के लगातार दूसरे शतक के बावजूद अपनी पहली पारी में 290 रन बनाए। भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 503 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी। इस तरह से उसे पहली पारी के आधार पर 213 रन की बढ़त मिली। भारत ने अपनी दूसरी पारी शुरू करने के बजाय श्रीलंका को फॉलोऑन देने का फैसला किया।
भारत ने पहले टेस्ट मैच में 165 रन से जीत हासिल करके दो मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना रखी है।
श्रीलंका ने चौथे दिन सुबह अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 265 रन से आगे बढ़ाई। भारत की तरफ से दोनों विकेट अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे सारांश जैन ने लिए। प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने तीसरे दिन तीन-तीन विकेट लिए थे।
भाषा
पंत
पंत