नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की उर्वरक कंपनी राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (आरसीएफ) अनुवर्ती सार्वजनिक निर्गम (एफपीओ) के माध्यम से 1,500 करोड़ रुपये तक की राशि जुटाने की योजना बना रही है। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि निदेशक मंडल ने नए इक्विटी शेयर जारी कर एफपीओ के जरिये 1,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
हालांकि, यह प्रस्ताव कंपनी के शेयरधारकों, उर्वरक विभाग और निवेश एवं सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) से मंजूरी मिलने के अधीन है।
आरसीएफ देश की प्रमुख उर्वरक कंपनियों में शामिल है। कंपनी की दो प्रमुख उत्पादन इकाइयां हैं, जिनमें एक मुंबई के ट्रॉम्बे और दूसरी रायगढ़ जिले के थाल में स्थित है।
भाषा
यासिर रमण
रमण