नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) मक्का आधारित विशेष उत्पाद बनाने वाली कंपनी रीगल रिसोर्सेज का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 47 प्रतिशत बढ़कर 13.32 करोड़ रुपये हो गया।
वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 9.06 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने सोमवार को बयान में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल आय घटकर 202.57 करोड़ रुपये रह गई जो एक साल पहले की समान अवधि में 247 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कुल खर्च भी घटकर 185 करोड़ रुपये रह गया जो पिछले साल 235 करोड़ रुपये था।
रीगल रिसोर्सेज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अनिल किशोरपुरिया ने कहा कि मूल्यवर्धित उत्पादों पर मुनाफा बढ़ने से कंपनी को लाभ हुआ।
कंपनी की मक्का प्रसंस्करण की मात्रा 7.6 प्रतिशत बढ़कर 69,689 टन हो गई जो एक साल पहले 64,770 टन थी। वहीं राजस्व में निर्यात की हिस्सेदारी बढ़कर 10.4 प्रतिशत हो गई जो एक साल पहले 4.9 प्रतिशत थी।
समीक्षाधीन तिमाही में रीगल ने अपनी मक्का प्रसंस्करण क्षमता दोगुनी कर 1,650 टन प्रतिदिन कर दी, जो पहले 825 टन प्रतिदिन थी।
भाषा निहारिका
निहारिका