नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) करीब दो साल से सक्रिय क्षेत्रीय एयरलाइन फ्लाई91 ने बृहस्पतिवार को करीब एक अरब डॉलर मूल्य के 40 नए एटीआर 72-600 टर्बोप्रॉप विमान का ऑर्डर दिया।
यह दुनियाभर में किसी क्षेत्रीय विमानन कंपनी की तरफ से एटीआर विमानों की खरीद के लिए दिया गया अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर है।
फ्लाई91 के चेयरमैन हर्ष राघवन ने कहा कि 40 विमानों का यह ऑर्डर करीब एक अरब डॉलर मूल्य का है।
कंपनी ने बयान में कहा कि इस बड़े ऑर्डर से वह अपने क्षेत्रीय नेटवर्क का विस्तार कर देश के ऐसे अधिक शहरों को हवाई संपर्क से जोड़ सकेगी, जहां अभी विमान सेवा नहीं है या सीमित सेवा है।
फ्लाई91 के संस्थापक, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मनोज चाको ने पीटीआई-भाषा से कहा कि विमानों की आपूर्ति 2027 के अंत से शुरू होगी और 2032 तक सभी विमानों की आपूर्ति पूरी होने की उम्मीद है।
चाको ने कहा कि फ्लाई91 इस समय 250 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाने की प्रक्रिया में है और प्रस्तावित राशि में से 25 प्रतिशत का वित्तपोषण हो चुका है।
विमानों के ऑर्डर पर हस्ताक्षर राष्ट्रीय राजधानी में नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू, एटीआर की सीईओ नथाली टरनॉड लॉड, राघवन, एटीआर के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी एलेक्सिस विडाल और चाको की मौजूदगी में किए गए।
एयरबस और लियोनार्डो की संयुक्त उद्यम कंपनी एटीआर की सीईओ लॉड ने कहा कि एटीआर 72-600 की बेहतर परिचालन अर्थव्यवस्था, दक्षता और विश्वसनीयता से विमानन कंपनियां किफायती किराये पर यात्रियों को सेवाएं दे सकती हैं।
फिलहाल फ्लाई91 के बेड़े में छह एटीआर 72-600 विमान हैं और कंपनी हर सप्ताह 280 से अधिक उड़ानें संचालित करती है। कंपनी ने कहा कि आने वाले वर्षों में उसका बेड़ा 60 से अधिक विमानों का हो जाएगा।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय