रिलायंस पावर को जनवरी-मार्च तिमाही में 494 करोड़ रुपये का घाटा

Ads

रिलायंस पावर को जनवरी-मार्च तिमाही में 494 करोड़ रुपये का घाटा

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 10:24 AM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 10:24 AM IST

नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) रिलायंस पावर ने जनवरी-मार्च तिमाही में 494 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध घाटा दर्ज किया है।

कंपनी ने पिछले वर्ष की समान तिमाही में 125.57 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया था।

रिलायंस पावर ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में कुल आय घटकर 1,946.33 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 2,065.64 करोड़ रुपये थी।

कंपनी को वित्त वर्ष 2025-26 में 336.89 करोड़ रुपये का घाटा हुआ जबकि 2024-25 में इसने 2,947.83 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। वहीं कुल आय 8,257.04 करोड़ रुपये से घटकर 7,988.52 करोड़ रुपये रह गई।

कंपनी के निदेशक मंडल ने पात्र संस्थागत खरीदारों को शेयर व उससे जुड़े साधनों और/या अन्य पात्र प्रतिभूतियों के निर्गम के माध्यम से 6,000 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह पात्र संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) और/या अनुवर्ती सार्वजनिक प्रस्ताव या दोनों के संयोजन के जरिये किया जाएगा।

निदेशक मंडल ने 3,000 करोड़ रुपये तक के सुरक्षित/असुरक्षित, परिपक्व होने योग्य, गैर-परिवर्तनीय ऋणपत्र जारी करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी, जिसे एक या अधिक किस्तों/श्रृंखलाओं में निजी निर्गम या अन्य तरीकों से जारी किया जाएगा।

भाषा निहारिका

निहारिका