वाहन अनुसंधान एवं विकास के लिए रेनो इंडिया ने आईआईटी कानपुर से की साझेदारी

Ads

वाहन अनुसंधान एवं विकास के लिए रेनो इंडिया ने आईआईटी कानपुर से की साझेदारी

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 08:11 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 08:11 PM IST

नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) वाहन विनिर्माता कंपनी रेनो इंडिया ने भारत में वाहन अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) क्षमताओं को मजबूत करने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है।

कंपनी ने शुक्रवार को जारी एक बयान में बताया कि इस सहयोग के तहत रेनो इंडिया अपने यात्री वाहनों के लिए उन्नत ‘एरोडायनामिक’ और विंड-नॉइज (हवा की आवाज) परीक्षण करने के लिए आईआईटी कानपुर की ‘नेशनल विंड टनल फैसिलिटी’ (एनडब्ल्यूटीएफ) का उपयोग करेगी।

रेनो ग्रुप इंडिया के मुख्य इंजीनियरिंग अधिकारी विक्रमन वी ने कहा कि यह साझेदारी भारत में रेनो की इंजीनियरिंग क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि आईआईटी कानपुर और एनडब्ल्यूटीएफ के साथ सहयोग के जरिए विश्वस्तरीय अनुसंधान अवसंरचना और रेनो की वैश्विक इंजीनियरिंग विशेषज्ञता को एक साथ लाकर भविष्य की जरूरतों के अनुरूप वाहन विकसित किए जाएंगे।

इस साझेदारी पर टिप्पणी करते हुए आईआईटी कानपुर के एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर और एनडब्ल्यूटीएफ के समन्वयक अलकेश चंद्र मंडल ने कहा, ‘यह सहयोग एनडब्ल्यूटीएफ की बहुउद्देशीय क्षमता को दर्शाता है। इसके माध्यम से हमें अंतरिक्ष क्षेत्र से आगे बढ़कर वाहन उद्योग में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए अपनी विशेषज्ञता का उपयोग करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला है।’

भाषा योगेश रमण

रमण