मुंबई, 18 मई (भाषा) दोपहिया विनिर्माता रॉयल एनफील्ड ने अपनी विस्तार रणनीति के तहत सोमवार को आंध्र प्रदेश में 2,500 करोड़ रुपये के निवेश से नया विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने की योजना की घोषणा की।
आयशर मोटर्स समूह की कंपनी ने बयान में कहा कि उसने इस संयंत्र के लिए आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के ताडा औद्योगिक क्षेत्र में जमीन का अधिग्रहण किया है। इस संयंत्र पर 2,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है।
यह परियोजना कंपनी के निदेशक मंडल की मंजूरी के अधीन है और इसे भविष्य की मांग एवं बाजार परिस्थितियों के अनुरूप चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
चेन्नई स्थित कंपनी की वर्तमान उत्पादन क्षमता लगभग 14.6 लाख इकाई प्रति वर्ष है। कंपनी फिलहाल इस क्षमता का लगभग पूरा इस्तेमाल कर रही है।
रॉयल एनफील्ड ने फरवरी में तमिलनाडु के चेय्यार में 958 करोड़ रुपये के निवेश से क्षमता विस्तार की घोषणा की थी जिससे कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 20 लाख इकाई प्रतिवर्ष हो जाएगी।
आयशर मोटर्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और रॉयल एनफील्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बी. गोविंदराजन ने कहा, “आंध्र प्रदेश में यह निवेश हमारी उत्पादन क्षमता को और बढ़ाएगा और अगले चरण की वृद्धि को भी गति देगा।”
रॉयल एनफील्ड ने कहा कि दीर्घकालिक वृद्धि रणनीति के तहत वह समय-समय पर नए निवेश अवसरों का मूल्यांकन करती रहती है।
कंपनी के तमिलनाडु में चार विनिर्माण संयंत्र हैं। इसके अलावा उसकी ब्राजील, बांग्लादेश, नेपाल, थाइलैंड, अर्जेंटीना और कोलंबिया सहित छह देशों में सात सीकेडी इकाइयां तथा ब्रिटेन और चेन्नई में दो तकनीकी केंद्र भी हैं।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय