यूक्रेन ने रूस की पांच बैलिस्टिक मिसाइलें मार गिराने का दावा किया

Ads

यूक्रेन ने रूस की पांच बैलिस्टिक मिसाइलें मार गिराने का दावा किया

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 08:29 PM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 08:29 PM IST

कीव, 14 जुलाई (एपी) यूक्रेन की वायुसेना ने मंगलवार को दावा किया कि उसने रूस द्वारा रातभर किए गए हमलों के दौरान दागी गई पांच बैलिस्टिक मिसाइलों को निष्क्रिय कर दिया। हालांकि, कुछ अन्य मिसाइलें और ड्रोन यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली को भेदने में सफल रहे तथा राजधानी कीव में गोदामों व एक स्कूल को निशाना बनाया।

करीब दो सप्ताह में यह पहली बार है जब यूक्रेन ने रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराने का दावा किया है। बैलिस्टिक मिसाइलों को ड्रोन या क्रूज मिसाइलों की तुलना में रोकना अधिक कठिन माना जाता है। रूस ने चार वर्ष से जारी युद्ध के दौरान इनका व्यापक पैमाने पर इस्तेमाल किया है।

माना जा रहा है कि यूक्रेन ने इन मिसाइलों को रोकने के लिए अमेरिका निर्मित सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली ‘पैट्रियट’ का इस्तेमाल किया। इसे बैलिस्टिक मिसाइलों के खिलाफ सबसे प्रभावी रक्षा प्रणाली माना जाता है। हालांकि, ईरान के साथ युद्ध के कारण इस प्रणाली के लिए आवश्यक गोला-बारूद की कमी बनी हुई है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की इसी मुद्दे पर समर्थन जुटाने के लिए इस सप्ताह पेरिस में हैं। उन्होंने घोषणा की कि यूक्रेन नौ अन्य देशों के साथ मिलकर यूरोप के लिए साझा बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा कवच तैयार करने वाले एक गठबंधन में शामिल हो रहा है।

जेलेंस्की ने मंगलवार को फ्रांस के ‘बैस्टिल दिवस’ समारोह में भाग लिया, जहां यूरोपीय नेताओं ने उनका स्वागत किया। वहीं, पेरिस के शॉंज-एलीजे मार्ग पर आयोजित परेड में शामिल यूक्रेनी सैनिकों का दर्शकों ने सबसे अधिक उत्साह के साथ अभिवादन किया।

इस परेड में उन देशों के लगभग 500 सैनिक शामिल हुए, जिन्होंने युद्ध के बाद यूक्रेन की सुरक्षा में सहयोग देने का संकल्प लिया है।

कीव के मेयर विताली क्लित्स्को ने बताया कि मंगलवार के हमले में दो गोदामों में आग लग गई और एक स्कूल भी क्षतिग्रस्त हो गया।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि हमले में लंबी दूरी की मिसाइलें और ड्रोन बनाने वाली सैन्य उत्पादन इकाइयों को निशाना बनाया गया।

मास्को का कहना है कि वह रूस के भीतर तेल प्रतिष्ठानों पर यूक्रेन के हमलों को रोकना चाहता है। इन हमलों के कारण ईंधन की गंभीर कमी पैदा हुई है, जिससे आम जनता प्रभावित हुई है। यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि एक बैलिस्टिक मिसाइल और 25 ड्रोन 17 अलग-अलग स्थानों पर गिरे, जबकि मिसाइलों और ड्रोन का मलबा 10 स्थानों पर गिरने की सूचना मिली।

विशेषज्ञों का मानना है कि सर्दियों के मौसम से पहले यूक्रेन के लिए अपनी वायु रक्षा प्रणाली को मजबूत करना बेहद जरूरी है। वर्ष 2022 से रूस लगातार यूक्रेन के बिजली ढांचे को निशाना बना रहा है, जिससे वहां सर्दियों जनजीवन बेहद कठिन हो गया है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले सप्ताह उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) शिखर सम्मेलन में कहा था कि अमेरिका यूक्रेन को ‘पैट्रियट’ प्रणाली के घरेलू उत्पादन का लाइसेंस देगा।

इस बीच, यूक्रेन ने रूस के भीतर, विशेष रूप से तेल प्रतिष्ठानों पर लंबी दूरी की मिसाइलों से हमले जारी रखे।

रूस के दक्षिणी क्रास्नोदार क्षेत्र स्थित अफिप्स्की तेल रिफाइनरी पर हुए हमले से आग लग गई, जिसे बाद में बुझा दिया गया। स्थानीय अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की।

जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने बश्कोर्तोस्तान क्षेत्र के सलावत शहर स्थित एक तेल रिफाइनरी पर भी हमला किया। यह शहर यूक्रेन की सीमा से लगभग 1,400 किलोमीटर दूर है।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रातभर में यूक्रेन के 288 ड्रोन मार गिराए।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहले ही जेलेंस्की के युद्धविराम संबंधी प्रस्तावों को खारिज कर चुके हैं।

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘इस युद्ध का अंत होना चाहिए और सभी व्यावहारिक कूटनीतिक प्रस्ताव बातचीत के लिए उपलब्ध हैं।’’

एपी रवि कांत रवि कांत खारी

खारी