रुपया 50 पैसे टूटकर 94.03 प्रति डॉलर के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर
रुपया 50 पैसे टूटकर 94.03 प्रति डॉलर के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर
मुंबई, 23 मार्च (भाषा) रुपया सोमवार को 50 पैसे टूटकर अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 94.03 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर आ गया।
यह पहली बार है जब रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले टूटकर 94 प्रति डॉलर के स्तर को पार कर गया है।
वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली के कारण घरेलू मुद्रा में यह गिरावट आई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, मजबूत अमेरिकी डॉलर और घरेलू शेयर बाजारों में भारी गिरावट ने भी रुपये पर दबाव डाला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.84 पर खुला और पूरे दिन गिरावट में रहा। अंततः यह पहली बार 94 के स्तर को पार करते हुए 94.03 (अस्थायी) पर आ गया, जो पिछले बंद भाव से 50 पैसे की गिरावट है।
शुक्रवार को भी रुपया 64 पैसे टूटकर 93.53 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था, जिससे यह 93 के स्तर के पार चला गया था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कमजोर घरेलू बाजारों के बीच रुपया पहली बार 94 के स्तर को पार कर गया। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली ने भी रुपये पर दबाव डाला है।’’
उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और भू-राजनीतिक तनाव के कारण रुपये पर दबाव बना रह सकता है। हालांकि, समय-समय पर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का हस्तक्षेप रुपये को निचले स्तर पर सहारा दे सकता है।
उन्होंने अनुमान जताया कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 93.60 से 94.40 के दायरे में रह सकता है।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.14 प्रतिशत बढ़कर 99.78 पर कारोबार कर रहा था।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.11 प्रतिशत गिरकर 113.4 डॉलर प्रति बैरल पर था।
घरेलू शेयर बाजार में भी भारी गिरावट देखी गई। सेंसेक्स 1,836.57 अंक (2.46 प्रतिशत) टूटकर 72,696.39 अंक पर और निफ्टी 601.85 अंक (2.60 प्रतिशत) गिरकर 22,512.65 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 5,518.39 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के अनुसार, 13 मार्च को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 7.05 अरब डॉलर घटकर 709.75 अरब डॉलर रह गया।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


