मुंबई, 24 अप्रैल (भाषा) रुपया शुक्रवार को लगातार पांचवें सत्र में गिरावट में रहा और शुरुआती कारोबार में 24 पैसे टूटकर 94.25 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
कच्चे तेल की अस्थिर कीमतों और मजबूत अमेरिकी डॉलर के कारण घरेलू मुद्रा पर दबाव कायम है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.25 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती कारोबार में इसी स्तर पर बना रहा जो पिछले बंद भाव से 24 पैसे की गिरावट दर्शाता है।
रुपया बृहस्पतिवार को लगातार चौथे सत्र में गिरावट जारी रखते हुए 23 पैसे फिसलकर 94.01 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। पिछले चार सत्र में घरेलू मुद्रा 17 अप्रैल को 92.91 के बंद भाव के मुकाबले 120 पैसे यानी लगभग 1.3 प्रतिशत टूटी है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.71 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 547.02 अंक या 0.70 प्रतिशत टूटकर 77,116.98 अंक पर जबकि निफ्टी 159.75 अंक या 0.66 प्रतिशत फिसलकर 24,013.30 अंक पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.86 प्रतिशत चढ़कर 105.97 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 3,254.71 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा निहारिका
निहारिका