रुपया पांच पैसे की गिरावट के साथ 94.56 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया पांच पैसे की गिरावट के साथ 94.56 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 09:16 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 09:16 PM IST

मुंबई, 30 जून (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया मंगलवार को पांच पैसे टूटकर अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 94.56 पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशों में डॉलर के मजबूत होने तथा जोखिम लेने की धारणा कमजोर होने से रुपये में गिरावट आई।

आयातकों और कंपनियों की मासांत की डॉलर मांग से घरेलू मुद्रा पर दबाव है और वैश्विक बाजार में जोखिम न लेने की निवेशकों की प्रवृत्ति के कारण रुपये में गिरावट आई है।

हालांकि, वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता और केंद्रीय बैंक के संभावित हस्तक्षेप ने मुद्रा को सहारा दिया और इसकी गिरावट सीमित रही।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.60 प्रति डॉलर पर खुला और अंत में 94.56 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव की तुलना में पांच पैसे की गिरावट है।

रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले छह पैसे कमजोर होकर 94.51 पर बंद हुआ था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘‘रुपया लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में कमजोर हुआ है। इसकी वजह डॉलर में लगातार निवेश का प्रवाह और कंपनियों की ओर से अमेरिकी मुद्रा की मजबूत मांग है। वैश्विक बाजार में जोखिम से बचने के रुझान के कारण घरेलू मुद्रा पर दबाव बना हुआ है।’’

परमार ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.10 से 94.40 के दायरे में रह सकता है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.34 पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72.88 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 249.70 अंक टूटकर 76,478.67 अंक पर जबकि निफ्टी 80.50 अंक फिसलकर 23,865.75 अंक पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने मंगलवार को 2,556.75 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय