मुंबई, 22 मई (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 17 पैसे की गिरावट के साथ 82.84 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशों में डॉलर में मजबूती आने से रुपये में गिरावट आई।
बाजार सूत्रों ने कहा कि हालांकि, घरेलू शेयर बाजार में मजबूती के रुख और कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में कमी से रुपये की गिरावट पर कुछ अंकुश लगा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 82.80 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के अंत में यह अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले 17 पैसे की गिरावट के साथ 82.84 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान रुपया 82.70 के उच्चस्तर तक गया और 82.86 के निचले स्तर तक आया।
पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 82.67 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
शेयरखान बाय बीएनपी परिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘फरवरी 2023 के बाद से डॉलर में अंतर्निहित मजबूती और रिजर्व बैंक द्वारा अपने विदेशी मुद्रा भंडार को बढ़ाने के लिए डॉलर की खरीद के कारण रुपया सबसे निचले स्तर पर आ गया।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत घटकर 103.10 पर रहा।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 234 अंक की तेजी के साथ 61,963.68 अंक पर बंद हुआ।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.16 प्रतिशत घटकर 75.46 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने सोमवार को 922.89 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार के अनुसार एशियाई मुद्राओं में कमजोर रुख के साथ भारतीय रुपए में लगातार चौथे दिन गिरावट आई।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण