रुपया एक पैसे की मामूली बढ़त के साथ 95.70 प्रति डॉलर
रुपया एक पैसे की मामूली बढ़त के साथ 95.70 प्रति डॉलर
मुंबई, 24 अगस्त (भाषा) घरेलू शेयर बाजार में विदेशी कोषों का निवेश बढ़ने से अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया सोमवार को एक पैसे के मामूली सुधार के साथ 95.70 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि डॉलर-रुपये की जोड़ी सीमित दायरे में कारोबार करती रही। ब्रेंट कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, आयातकों की ओर से सतत डॉलर मांग और ईरान को निशाना बनाने वाले अमेरिका के नए प्रतिबंधों को लेकर सतर्क रुख से निवेशकों की धारणा प्रभावित रही।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.65 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.64 के उच्च स्तर तक गया और 95.75 के निचले स्तर तक आया। अंत में यह 95.70 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से एक पैसे की मजबूती है।
रुपया शुक्रवार को तीन पैसे की मामूली बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.71 पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘अमेरिका और ईरान के बीच अनिश्चितता के कारण रुपये में हल्का नकारात्मक रुख रहने के आसार हैं। कच्चे तेल की ऊंची कीमतें भी रुपये पर दबाव डाल सकती हैं। हालांकि, ब्याज दर में बढ़ोतरी की संभावना घटने से अमेरिकी डॉलर में कुल मिलाकर कमजोरी रुपये को निचले स्तर पर समर्थन दे सकती है। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.50 से 96 के दायरे में रहने का अनुमान है।’’
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.18 प्रतिशत बढ़कर 98.98 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 171.72 अंक टूटकर 77,369.11 अंक पर जबकि निफ्टी 32.95 अंक की गिरावट के साथ 24,219.05 अंक पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा कारोबार में 1.62 प्रतिशत फिसलकर 92.86 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने सोमवार को शुद्ध रूप से 1,181.66 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


