रुपया 22 पैसे की बढ़त के साथ 94.73 प्रति डॉलर पर
रुपया 22 पैसे की बढ़त के साथ 94.73 प्रति डॉलर पर
मुंबई, दो सितंबर (भाषा) कमजोर घरेलू शेयर बाजार तथा कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती रहने के बावजूद विदेशी पूंजी का प्रवाह बढ़ने से अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को कारोबार के अंत में डॉलर के मुकाबले रुपया 22 पैसे की मजबूती के साथ 94.73 पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) रुपये की गिरावट पर नजर रख रहा है, क्योंकि ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत बढ़कर 95 डॉलर प्रति बैरल हो गई है और अमेरिका-ईरान तनाव फिर बढ़ने से बाजार में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति के बीच डॉलर सूचकांक 99.80 के आसपास बना हुआ है।
अमेरिका के उम्मीद से कमजोर आर्थिक आंकड़ों के बाद 10-साल के अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल के 4.8 प्रतिशत से ऊपर जाने – जो जनवरी 2025 के बाद सबसे ज्यादा है – से निवेशकों की धारणा पर भी असर पड़ा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.97 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 94.73 के ऊंचे और 94.99 के निचले स्तर तक गया। कारोबार के अंत में रुपया 94.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 22 पैसे की तेजी है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष, शोध विश्लेषक (जिंस और मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि रुपया मजबूत हुआ है, क्योंकि रिजर्व बैंक के दखल और एफआईआई की हल्की खरीदारी से रुपये को समर्थन मिल रहा है।
त्रिवेदी ने कहा, ‘‘डॉलर के मजबूत होने और कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के बावजूद, 95.50 के स्तर के आसपास समर्थन मिलने से रुपया मजबूत बना रहा। आगे चलकर, अमेरिका के अहम आर्थिक आंकड़े, खासकर गैर-कृषि पेरोल और बेरोजगारी के आंकड़े, डॉलर और रुपये की चाल के लिए महत्वपूर्ण होंगे। रुपये का दायरा 94.70–95.20 के बीच रह सकता है।’’
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.14 प्रतिशत बढ़कर 99.82 पर पहुंच गया।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 373.93 अंक टूटकर 76,570.35 अंक पर जबकि निफ्टी 141.35 अंक की गिरावट के साथ 23,914.45 अंक पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.44 प्रतिशत चढ़कर 95.07 डॉलर प्रति बैरल हो गया। यह तेजी होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिये कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच आई।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध रूप से 6,688.37 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


