रुपया नौ पैसे की बढ़त के साथ 90.57 प्रति डॉलर पर
रुपया नौ पैसे की बढ़त के साथ 90.57 प्रति डॉलर पर
मुंबई, 10 फरवरी (भाषा) रुपया मंगलवार को शुरुआती गिरावट से उबरते हुए नौ पैसे की बढ़त के साथ 90.57 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू बाजारों में तेजी और वैश्विक बाजारों में अमेरिकी मुद्रा के कमजोर रुख से रुपये को मजबूती मिली।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू बाजार में सकारात्मक रुख और विदेशी पूंजी प्रवाह से मिल रहे समर्थन को भू-राजनीतिक तनाव एवं आयातकों द्वारा डॉलर की मांग ने बेअसर कर दिया जिससे रुपये की कीमत में स्थिरता बनी हुई है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 90.63 प्रति डॉलर पर खुला। दिन में यह 90.77 प्रति डॉलर के निचले व 90.48 प्रति डॉलर के उच्चस्तर पर पहुंचा। अंत में यह 90.57 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से नौ पैसे की बढ़त है।
रुपया सोमवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद एक पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.66 बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘ घरेलू बाजारों में मजबूती एवं व्यापार समझौते को लेकर आशावाद से रुपये में मामूली सकारात्मक रुझान रहने के आसार हैं। डॉलर की कमजोरी और विदेशी निवेश में वृद्धि से रुपये को और मजबूती मिल सकती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ हालांकि, भू-राजनीतिक तनाव और आयातकों की ओर से डॉलर की मांग में तेजी सीमित हो सकती है। डॉलर के मुकाबले रुपये की हाजिर कीमत 90.30 से 90.80 के दायरे में रहने का अनुमान है।’’
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 96.82 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 208.17 अंक चढ़कर 84,273.92 अंक पर जबकि निफ्टी 67.85 अंक की बढ़त के साथ 25,935.15 अंक पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.93 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने 2,254.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


