नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) बजट में विनिर्माण से जुड़े कलपुर्जों के भंडारण के लिए प्रस्तावित नई ‘सेफ हार्बर’ व्यवस्था से कम नियामक जोखिम और बेहतर कर-पश्चात लागत का विकल्प मिलेगा। वित्त मंत्रालय के सूत्रों ने शनिवार को यह कहा।
इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण के लिए लॉजिस्टिक दक्षता का लाभ उठाने हेतु बजट 2026-27 में प्रवासियों को बॉन्डेड वेयरहाउस में कलपुर्जों के भंडारण के लिए इनवॉइस मूल्य के दो प्रतिशत के लाभ मार्जिन पर ‘सेफ हार्बर’ प्रदान करने का प्रस्ताव दिया गया है।
इसके चलते लगने वाला लगभग 0.7 प्रतिशत का कर अन्य प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में काफी कम होगा। ‘सेफ हार्बर’ का अर्थ एक ऐसी सुरक्षित सीमा से है, जिसके भीतर रहने पर किसी कंपनी या व्यक्ति पर कर विभाग कोई कानूनी आपत्ति नहीं उठाता है।
सूत्रों ने कहा कि बजट प्रस्ताव आकर्षक है, क्योंकि यह वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी कर का लाभ देता है, जो वियतनाम और इसी तरह के अन्य केंद्रों के एक प्रतिशत के प्रभावी कर से भी कम हो सकता है।
उन्होंने बताया, ‘इससे ट्रांसफर प्राइसिंग और ऑडिट जोखिम पर कहीं अधिक निश्चितता मिलती है। ‘कम कर’ वाले देशों के विपरीत, जहां लाभ प्रोत्साहन, गुणवत्ता परीक्षण या आवधिक पुनर्विचार पर निर्भर हो सकते हैं, एक संहिताबद्ध ‘सेफ हार्बर’ आमतौर पर बहुराष्ट्रीय कंपनियों की आपूर्ति श्रृंखलाओं के लिए मुकदमेबाजी के जोखिम, अनुपालन संबंधी बाधाओं और निर्णय लेने में लगने वाले समय को कम करता है।’
विनिर्माताओं के लिए यह निश्चितता महत्वपूर्ण है क्योंकि भंडारण/पुर्जों का भंडारण एक उच्च मात्रा वाला, कम लाभ वाला कार्य है। इसलिए, भरोसेमंद और कम कराधान महत्वपूर्ण है।
भाषा रमण