(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच हुआ अंतरिम व्यापार समझौता ‘भारत के तेजी से बढ़ते विकास के इंजन को नयी ताकत’ प्रदान करेगा।
अमित शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को हकीकत में बदलते हुए, यह समझौता ‘मेक इन इंडिया’, मेहनती किसानों, उद्यमियों, एमएसएमई, स्टार्टअप क्षेत्र के नए प्रयोगकर्ताओं और मछुआरों के लिए बड़ी तरक्की के द्वार खोलता है। साथ ही, यह युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर भी पैदा करेगा।’
उन्होंने कहा, ‘इस ऐतिहासिक समझौते के लिए मोदी जी का हार्दिक आभार और भारत के प्रत्येक नागरिक को बधाई।’
भारत और अमेरिका ने शनिवार को घोषणा की कि उन्होंने द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के ढांचे को अंतिम रूप दे दिया है। इसके तहत दोनों देश आपसी व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई वस्तुओं पर आयात शुल्क में कटौती करेंगे।
एक संयुक्त बयान के अनुसार, यह ढांचा दोनों देशों के व्यापक ‘भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते’ (बीटीए) के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दोहराता है। इस वार्ता की शुरुआत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 13 फरवरी, 2025 को की थी।
समझौते के तहत, अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर लगने वाले शुल्क को वर्तमान 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। वहीं, भारत सभी अमेरिकी औद्योगिक वस्तुओं और खाद्य एवं कृषि उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला पर आयात शुल्क को या तो खत्म कर देगा या काफी कम कर देगा। इन उत्पादों में सूखे मेवे, ताजे और प्रसंस्कृत फल, सोयाबीन तेल, वाइन और स्पिरिट के साथ-साथ पशु आहार के लिए उपयोग होने वाला लाल ज्वार शामिल है।
इस समझौते के पहले हिस्से पर मार्च के मध्य तक हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।
भाषा सुमित पाण्डेय
पाण्डेय