सेल का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में दोगुने से अधिक होकर 1,644 करोड़ रुपये पर

Ads

सेल का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में दोगुने से अधिक होकर 1,644 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 08:24 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 08:24 PM IST

नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में दोगुने से अधिक होकर 1,644.05 करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से खर्च में कमी आने से कंपनी का लाभ बढ़ा है।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि पिछले साल की इसी तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 744.58 करोड़ रुपये था।

सेल की कुल आय आलोच्य तिमाही में बढ़कर 26,451.21 करोड़ रुपये हो गई जो एक साल पहले इसी तिमाही में 26,083.90 करोड़ रुपये थी।

वहीं, खर्च 24,146.32 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 25,189.19 करोड़ रुपये था।

सेल ने एक अलग बयान में कहा कि उसका कच्चा इस्पात उत्पादन घटकर 47.6 लाख टन रहा जो एक साल पहले इसी तिमाही में 48.5 लाख टन था।

सेल के चेयरमैन अशोक कुमार पांडा ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच, घरेलू इस्पात उद्योग ने मजबूती दिखाई है, जिसकी वजह घरेलू इस्पात की लगातार मांग रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘बेहतर परिचालन क्षमता, सूझ-बूझ के साथ लागत प्रबंधन और केन्द्रित विपणन पहलों के जरिए, सेल ने वित्तवर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में काफी अच्छा मुनाफा कमाया है। कंपनी अपनी मजबूत विनिर्माण क्षमताओं का फायदा उठाने और घरेलू इस्पात की लगातार मांग का लाभ उठाते हुए अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए आश्वस्त है।’’

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण