सैमसंग भारत में 20,000 युवाओं को एआई का प्रशिक्षण देगी
सैमसंग भारत में 20,000 युवाओं को एआई का प्रशिक्षण देगी
नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) दक्षिण कोरियाई इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी सैमसंग ने भारत के 10 राज्यों में 20,000 युवाओं को कृत्रिम मेधा (एआई) का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य तय किया है।
सैमसंग इंडिया ने बयान में कहा कि यह प्रशिक्षण उसके प्रमुख कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम ‘सैमसंग इनोवेशन कैंपस’ (एसआईसी) के 2026 संस्करण के तहत दिया जाएगा। इस कार्यक्रम का मकसद युवाओं को एआई जैसे क्षेत्रों में उद्योग की जरूरत के मुताबिक कौशल प्रदान करना है।
कंपनी ने कहा कि 2026 का यह संस्करण ‘इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर स्किल्स काउंसिल ऑफ इंडिया’ (ईएसएससीआई) और ‘टेलीकॉम सेक्टर स्किल काउंसिल’ (टीएसएससी) के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।
सैमसंग के अनुसार, इस सहयोग के जरिये 10 राज्यों में 20,000 युवाओं को एआई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे युवाओं को एआई की उपयोगी शिक्षा तक पहुंच मिलेगी और भारत में भविष्य के एआई प्रतिभाओं का आधार मजबूत होगा।
सैमसंग दक्षिण-पश्चिम एशिया के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जे बी पार्क ने कहा, ‘‘एसआईसी के जरिये हम एआई प्रतिभाओं की अगली पीढ़ी में निवेश कर रहे हैं। इससे भारतीय युवाओं को देश की नवोन्मेषण यात्रा में योगदान देने के लिए जरूरी ज्ञान, आत्मविश्वास और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने में मदद मिलेगी।’’
उन्होंने कहा कि भारत में कंपनी के 30 साल पूरे होने के मौके पर सैमसंग देश को वैश्विक एआई क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लक्ष्य में सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


