धातु शेयरों में लिवाली से बाजार में दूसरे दिन भी तेजी, सेंसेक्स 224 अंक चढ़ा

धातु शेयरों में लिवाली से बाजार में दूसरे दिन भी तेजी, सेंसेक्स 224 अंक चढ़ा

धातु शेयरों में लिवाली से बाजार में दूसरे दिन भी तेजी, सेंसेक्स 224 अंक चढ़ा
Modified Date: October 3, 2025 / 06:12 pm IST
Published Date: October 3, 2025 6:12 pm IST

मुंबई, तीन अक्टूबर (भाषा) धातु एवं दूरसंचार शेयरों में लिवाली और वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 224 अंकों की तेजी रही जबकि निफ्टी 58 अंक चढ़ गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 223.86 अंक यानी 0.28 प्रतिशत चढ़कर 81,207.17 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 602.42 अंकों के उतार-चढ़ाव के साथ 81,251.99 के ऊपरी और 80,649.57 अंक के निचले स्तर पर रहा।

बीएसई पर सूचीबद्ध 2,710 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए जबकि 1,490 शेयरों में गिरावट रही और 139 अन्य अपरिवर्तित रहे।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 57.95 अंक यानी 0.23 प्रतिशत बढ़कर 24,894.25 अंक पर बंद हुआ।

यह शेयर बाजार में तेजी का लगातार दूसरा सत्र रहा। इसके दम पर इस कारोबार सप्ताह में सेंसेक्स कुल 780.71 अंक यानी 0.97 प्रतिशत की छलांग लगाने में सफल रहा जबकि निफ्टी में 239.55 अंक यानी 0.97 प्रतिशत की तेजी रही।

शुक्रवार को सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर सबसे अधिक 3.40 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। उसके बाद पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और भारती एयरटेल का स्थान रहा।

इसके विपरीत, टेक महिंद्रा, मारुति, अल्ट्राटेक सीमेंट और बजाज फिनसर्व के शेयरों में गिरावट का रुझान देखा गया।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘एक दायरे में रहने के बाद बाजार का समापन सकारात्मक अंदाज में हुआ। इसे धातु एवं टिकाऊ उपभोक्ता शेयरों में लिवाली से समर्थन मिला। अक्टूबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में कटौती की संभावना, डॉलर में कमजोरी और बुनियादी धातु की स्थिर कीमतों से धातु सूचकांक चढ़ गया।’

नायर ने कहा कि जीएसटी कटौती और बढ़िया मानसून के बाद उपभोक्ता शेयरों में तेजी रही जबकि मुद्रास्फीति में नरमी से मांग को सहारा मिल रहा है।

छोटी कंपनियों का बीएसई स्मालकैप सूचकांक 1.09 प्रतिशत उछल गया जबकि मझोली कंपनियों का मिडकैप सूचकांक 0.78 प्रतिशत की बढ़त पर रहा।

बाजार में तेजी के बीच बीएसई धातु सूचकांक 1.85 प्रतिशत चढ़ गया। इस दौरान लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी (6.18 प्रतिशत), नेशनल एल्युमीनियम कंपनी (3.10 प्रतिशत) और जिंदल स्टेनलेस (2.87 प्रतिशत) जैसी कंपनियों में तेजी रही।

औद्योगिक खंड में 1.28 प्रतिशत, दूरसंचार खंड में 1.16 प्रतिशत, टिकाऊ उपभोक्ता खंड में 1.15 प्रतिशत और जिंस खंड में 1.12 प्रतिशत की बढ़त रही।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ‘वित्त मंत्री के स्तर पर वृद्धि को समर्थन देने के लिए पूंजीगत व्यय बढ़ाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराए जाने के बीच पूंजीगत वस्तु क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित रहा।’

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,605.20 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,916.14 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की चढ़कर बंद हुआ, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुआ। चीन और दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार सार्वजनिक अवकाश के कारण बंद रहे।

यूरोप के शेयर बाजारों में दोपहर कारोबार में बढ़त का रुख था। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को लाभ में बंद हुए थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.86 प्रतिशत बढ़कर 64.61 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

बृहस्पतिवार को घरेलू शेयर बाजार महात्मा गांधी जयंती और दशहरा के अवसर पर बंद रहे थे। बुधवार को सेंसेक्स 715.69 अंक बढ़कर 80,983.31 और निफ्टी 225.20 अंक चढ़कर 24,836.30 पर बंद हुआ था।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण


लेखक के बारे में