मुंबई, 29 मई (भाषा) मानसून के कमजोर रहने के अनुमान और अमेरिका-ईरान संघर्ष विराम को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेज गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 1,092 अंक लुढ़क गया जबकि निफ्टी 24,550 अंक से नीचे बंद हुआ।
कारोबारी सत्र के अंतिम चरण में बिकवाली बढ़ने से बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,092.06 अंक यानी 1.44 प्रतिशत गिरकर 74,775.74 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,278.69 अंक टूटकर 74,589.11 अंक तक आ गया था।
इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी लगातार तीसरे सत्र में गिरावट के साथ 359.40 अंक यानी 1.50 प्रतिशत फिसलकर 23,547.75 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से पावर ग्रिड, इंटरग्लोब एविएशन, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील और बजाज फाइनेंस के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
दूसरी तरफ, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, लार्सन एंड टुब्रो और इन्फोसिस के शेयरों में तेजी का रुझान रहा।
भारतीय मौसम-विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि जून से सितंबर के दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान देश में वर्षा दीर्घकालिक औसत (एलपीए) के 90 प्रतिशत रहने का अनुमान है। पूर्वोत्तर क्षेत्र में सामान्य बारिश होने का अनुमान है, जबकि अन्य हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा हो सकती है।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘आईएमडी के इस अनुमान के बाद बाजार में व्यापक बिकवाली देखी गई। कम वर्षा और अल नीनो प्रभावों के चलते खाद्य मुद्रास्फीति बढ़ने की आशंका ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई है। हालांकि, कच्चे तेल की नरम कीमतों और बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट से जोखिम कुछ हद तक सीमित रहा।’
लाइवलोंग वेल्थ के संस्थापक एवं शोध विश्लेषक हरिप्रसाद के. ने कहा कि अमेरिका-ईरान संघर्षविराम को लेकर स्पष्टता नहीं होने से वैश्विक निवेशक सतर्क रहे, जिससे इक्विटी बाजारों में जोखिम लेने की प्रवृत्ति सीमित रही।
इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.52 प्रतिशत गिरकर 92.29 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक बढ़त में बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट गिरावट में रहा।
यूरोपीय बाजारों में कारोबार के दौरान तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
भारतीय शेयर बाजार ईद-उल-अजहा के कारण बृहस्पतिवार को बंद रहे थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,042.70 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी।
बुधवार को सेंसेक्स 141.90 अंक गिरकर 75,867.80 अंक और निफ्टी 6.55 अंक फिसलकर 23,907.15 अंक पर बंद हुआ था।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण