आईटी, दूरसंचार शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स 281 अंक टूटा; निफ्टी में पाचवें दिन गिरावट

Ads

आईटी, दूरसंचार शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स 281 अंक टूटा; निफ्टी में पाचवें दिन गिरावट

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 06:22 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 06:22 PM IST

मुंबई, 17 अगस्त (भाषा) घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट आई और दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। कच्चे तेल के दाम में तेजी और पश्चिम एशिया में तनाव जारी रहने के बीच आईटी, दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों और दूरसंचार शेयरों में बिकवाली से बीएसई सेंसेक्स 281 अंक के नुकसान में रहा जबकि एनएसई निफ्टी में 78 अंक की गिरावट आई।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 281.09 अंक यानी 0.36 प्रतिशत टूटकर 77,728.16 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 555.5 अंक की गिरावट के साथ 77,453.75 अंक तक आ गया था।

इसी प्रकार, पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 78.35 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,287.65 अंक पर बंद हुआ। इसके साथ निफ्टी में लगातार पाचवें दिन गिरावट का सिलसिला जारी रहा।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इन्फोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, सन फार्मा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा और आईटीसी के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे।

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.11 प्रतिशत बढ़कर 89.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजार सोमवार को मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। अमेरिका-ईरान संघर्ष को लेकर बनी अनिश्चितता और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की दिशा में ठोस प्रगति नहीं होने से निवेशकों ने बाजार से दूरी बनाये रखी।’’

छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.38 प्रतिशत की बढ़त में रहा, जबकि मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप सेलेक्ट में 0.11 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

क्षेत्रवार सूचकांकों में आईटी में सबसे अधिक 1.74 प्रतिशत की गिरावट रही। इसके बाद फोकस्ड आईटी 1.56 प्रतिशत, दूरसंचार 1.16 प्रतिशत, अस्पताल 0.94 प्रतिशत, एफएमसीजी (दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियां) 0.79 प्रतिशत, स्वास्थ्य सेवा 0.56 प्रतिशत, सेवा क्षेत्र 0.48 प्रतिशत और टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुएं 0.44 प्रतिशत नीचे रहे।

दूसरी तरफ, रियल्टी क्षेत्र में 1.38 प्रतिशत की तेजी आई। इसके अलावा, धातु क्षेत्र 1.03 प्रतिशत, पूंजीगत वस्तुएं 0.78 प्रतिशत, औद्योगिक क्षेत्र 0.60 प्रतिशत और जिंस क्षेत्र 0.45 प्रतिशत चढ़े।

बीएसई में टाटा समूह के शेयरों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) 1.87 प्रतिशत टूटा। टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन 1.68 प्रतिशत, ट्रेंट 1.34 प्रतिशत, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स 1.09 प्रतिशत और टाटा केमिकल्स 1.04 प्रतिशत के नुकसान में रहे।

मुख्य रूप से 18 अगस्त को प्रस्तावित टाटा संस की सालाना आम बैठक संभवत: नहीं हो पाने के कारण समूह की कंपनियों के शेयर टूटे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी के प्रमुख शेयरधारक सर रतन टाटा ट्रस्ट महाराष्ट्र के धर्मादाय (चैरिटी) आयुक्त की नियामकीय पाबंदी के कारण अपना प्रतिनिधि नामित नहीं कर सका है, जिसके कारण टाटा संस की सालाना आम बैठक संभवत: नहीं होगी।

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे। दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार अवकाश के कारण बंद रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख देखने को मिला। इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे।

शोध विश्लेषण कंपनी एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी हरिसेल्वन राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई और घरेलू शेयर बाजार लगातार पांचवें सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि, कारोबार में निचले स्तर से कुछ सुधार आया।’’

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 508.12 करोड़ रुपये की शुद्ध लिवाली की थी।

इससे पहले, शुक्रवार को सेंसेक्स 70.71 अंक टूटकर 78,009.25 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 29.85 अंक प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,366 अंक पर रहा था।

भाषा रमण अजय

अजय