नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) रियल एस्टेट क्षेत्र की कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल अपनी परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के जरिये इस वित्त वर्ष में अपनी परिचालन आय को लगभग दोगुना करके 5,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य बना रही है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।
गुरुग्राम स्थित सिग्नेचर ग्लोबल लिमिटेड की पिछले वित्त वर्ष (2025-26) में परिचालन आय मामूली रूप से बढ़कर 2,595.86 करोड़ रुपये हो गई थी, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 2,498 करोड़ रुपये थी।
सिग्नेचर ग्लोबल के चेयरमैन प्रदीप अग्रवाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘हमने चालू वित्त वर्ष के लिए 5,000 करोड़ रुपये की परिचालन आय अर्जित करने का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में उच्च वायु प्रदूषण के मद्देनजर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण पिछले वित्त वर्ष में निर्माण गतिविधियां प्रभावित हुईं।
अग्रवाल ने कहा कि निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध लगने के कारण उनकी कुछ परियोजनाओं का कार्य समय पर पूरा नहीं हो पाया और इसलिए तय आय के लक्ष्य भी प्रभावित हुए।
उन्होंने कहा कि चालू अप्रैल-जून तिमाही में परियोजना के पूरा होने की गति में काफी सुधार होगा।
अग्रवाल ने वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत के आवास क्षेत्र के बाजार को लेकर ने कहा कि कंपनी इस वित्त वर्ष में गुरुग्राम क्षेत्र में जमीन खरीदने और निर्माण कार्य करने के लिए लगभग 3,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
सिग्नेचर ग्लोबल ने चालू वित्त वर्ष में अपनी बिक्री बुकिंग को 21 प्रतिशत बढ़ाकर 10,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
भाषा यासिर अजय
अजय