मथुरा :गहनों की दुकान से 15 लाख रुपये नकद और 10 किलोग्राम के सोने के आभूषणों की चोरी

Ads

मथुरा :गहनों की दुकान से 15 लाख रुपये नकद और 10 किलोग्राम के सोने के आभूषणों की चोरी

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 07:59 PM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 07:59 PM IST

मथुरा (उप्र), 14 सितंबर (भाषा) मथुरा जिले के कोसीकलां कस्बे में सर्राफा बाजार स्थित एक दुकान से कथित तौर पर करीब 10 किलोग्राम सोने के आभूषण और 15 लाख रुपये की नकदी की चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार रविवार की रात चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी उठा ले गए।

वारदात की जानकारी सोमवार सुबह मालिक द्वारा दुकान खोले जाने के बाद मिली।

घटना से नाराज व्यापारियों ने सोमवार को सर्राफा बाजार की सभी दुकानें बंद कर दी और पुलिस के प्रति आक्रोश व्यक्त किया।

व्यापारियों का आरोप है कि घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर ही पुलिस चौकी होने के बावजूद चोरी की इतनी बड़ी वारदात हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि फॉरेंसिक विभाग की टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। आसपास के प्रतिष्ठानों और बाजार के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड तस्वीरों का विश्लेषण किया जा रहा है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

उन्होंने बताया कि थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और खुलासे के लिए चार अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। फॉरेंसिक टीम और विशेष अभियान दल (एसओजी) भी अपने स्तर पर चोरों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।

एसएसपी ने बताया कि दुकानदार द्वारा दी गई जानकारी और चाबी लगाकर तिजोरी व अलमारी खोले जाने से प्रतीत होता है कि इस वारदात में किसी पुराने कर्मचारी का हाथ हो सकता है, जिसे दुकान की पूरी जानकारी थी। इसलिए दुकान के नए-पुराने कर्मचारियों के रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

भाषा सं आनन्द

धीरज

धीरज