(अदिति खन्ना)
लंदन, 12 सितंबर (भाषा) दिवंगत भारतीय उद्यमी श्रीचंद परमानंद हिंदुजा द्वारा स्थापित स्विट्जरलैंड के निजी बैंक का नाम बदलकर ‘आर्या बैंक प्रिवी’ कर दिया गया है। बैंक ने यह कदम अपने संस्थापक की स्विट्जरलैंड और भारत के बीच संबंधों को मजबूत करने की विरासत के सम्मान में उठाया है।
जेनेवा मुख्यालय वाला यह बैंक अब एक नयी कार्यकारी टीम और नए दृष्टिकोण के साथ कारोबार के अगले चरण में प्रवेश कर रहा है। संस्थापक की बेटी शानू एस. पी. हिंदुजा बैंक की चेयरपर्सन हैं और परिवार की विरासत को आगे बढ़ा रही हैं।
शानू हिंदुजा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “स्विट्जरलैंड, यूरोप और भारत के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करना दशकों से हमारे परिवार के दृष्टिकोण का केंद्र रहा है।”
उन्होंने कहा, ‘‘यह प्रतिबद्धता श्रीचंद पी. हिंदुजा के दोनों देशों के बीच सेतु बनाने के विश्वास से जुड़ी है। वह स्विट्जरलैंड बैंकिंग लाइसेंस हासिल करने वाले पहले भारतीय उद्यमी थे। इसलिए हम ऐसे कदमों का स्वागत करता है, जो व्यापार, निवेश और साझा समृद्धि को मजबूत करते हैं।’’
शानू ने बताया कि ‘आर्या’ नाम संस्कृत के उस शब्द से लिया गया है, जो सम्मान, ईमानदारी और श्रेष्ठ आचरण को दर्शाता है।
भाषा यासिर पाण्डेय
पाण्डेय