पीएम ई-ड्राइव के तहत दिल्ली के लिए स्विच मोबिलिटी को 840 इलेक्ट्रिक बस का ऑर्डर

Ads

पीएम ई-ड्राइव के तहत दिल्ली के लिए स्विच मोबिलिटी को 840 इलेक्ट्रिक बस का ऑर्डर

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 03:46 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 03:46 PM IST

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) हिंदुजा समूह की कंपनी स्विच मोबिलिटी को केंद्र की पीएम इलेक्ट्रिक ड्राइव रिवोल्यूशन इन इनोवेटिव व्हीकल एनहांसमेंट’ (पीएम ई-ड्राइव) योजना के पहले चरण के तहत एंटनी रोड ट्रांसपोर्ट सॉल्यूशंस से 840 इलेक्ट्रिक बस का ऑर्डर मिला है।

कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि इस ऑर्डर में 420 नौ मीटर और इतनी ही संख्या में 12 मीटर लंबी वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। इन बसों को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) और परिवहन विभाग, दिल्ली के साथ तैनात किया जाएगा।

स्विच मोबिलिटी ने कहा कि दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क में इलेक्ट्रिक बस की तैनाती से यात्रियों की आवाजाही को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी और शहर में हरित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

कंपनी ने कहा कि बसों की तैनाती के लिए स्विच मोबिलिटी और एंटनी रोड ट्रांसपोर्ट सॉल्यूशंस के बीच समझौतों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

स्विच मोबिलिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गणेश मणि ने कहा, ‘‘यह ऑर्डर बड़े पैमाने पर सार्वजनिक परिवहन के लिए इलेक्ट्रिक वाहन के प्रति बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। नौ मीटर और 12 मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बस की उपलब्धता से परिचालकों को यात्रियों की अलग-अलग जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी और स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।’’

एंटनी रोड ट्रांसपोर्ट सॉल्यूशंस के निदेशक जिमी जॉन ने कहा, ‘‘अशोक लेलैंड के साथ हमारे दीर्घकालिक संबंध और हिंदुजा समूह में हमारे भरोसे के कारण हमने यह ऑर्डर दिया है। हमें विश्वास है कि यह साझेदारी एनसीआर में हरित परिवहन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।’’

भाषा योगेश अजय

अजय