रुपया शुरुआती कारोबार में 20 पैसे चढ़कर 94.20 प्रति डॉलर पर

रुपया शुरुआती कारोबार में 20 पैसे चढ़कर 94.20 प्रति डॉलर पर

रुपया शुरुआती कारोबार में 20 पैसे चढ़कर 94.20 प्रति डॉलर पर
Modified Date: June 19, 2026 / 10:08 am IST
Published Date: June 19, 2026 10:08 am IST

मुंबई, 19 जून (भाषा) रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 20 पैसे चढ़कर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.20 पर पहुंच गया। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता में तेजी आने की उम्मीद के बीच घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की अनुकूल कीमतों और विदेशी निवेश प्रवाह में सुधार से रुपया सकारात्मक रुख के साथ खुला। रुपये का समग्र रुझान सकारात्मक बना हुआ है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.30 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में मजबूती के साथ बढ़कर 94.20 प्रति डॉलर तक पहुंच गया जो इसके पिछले बंद भाव से 20 पैसे की बढ़त दर्शाता है।

रुपया मंगलवार को 10 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.40 पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 100.92 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 786.58 अंक की गिरावट के साथ 76,624.90 अंक पर जबकि निफ्टी 210.95 अंक फिसलकर 23,959.80 अंक पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79.17 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,025.20 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

गौरतलब है कि भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बृहस्पतिवार को कहा कि व्यापार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच चर्चा का एक प्रमुख विषय रहा। दोनों नेताओं ने अपने-अपने वार्ताकारों को प्रस्तावित व्यापार समझौते को यथाशीघ्र अंतिम रूप देने का निर्देश दिया है।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में