रुपया 32 पैसे टूटकर 96.52 प्रति डॉलर के नए निचले स्तर पर, कारोबार के दौरान 96.60 तक गया

Ads

रुपया 32 पैसे टूटकर 96.52 प्रति डॉलर के नए निचले स्तर पर, कारोबार के दौरान 96.60 तक गया

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 04:24 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 04:24 PM IST

मुंबई, 19 मई (भाषा) रुपया मंगलवार को कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 96.60 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक टूटने के बाद अंत में 96.52 (अस्थायी) पर बंद हुआ। यह इसका सबसे निचला बंद स्तर है। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और वैश्विक जोखिम से बचाव की प्रवृत्ति, मजबूत डॉलर से घरेलू मुद्रा पर दबाव है।

रुपया 2026 में एशिया की सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाली मुद्रा बन गया है। इस महीने अबतक इसमें 1.5 प्रतिशत और इस साल सात प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि और होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से निर्यात और खाड़ी देशों से आयात में बाधा आने के कारण रुपये की स्थिति अब भी ‘नाजुक’ बनी हुई है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.38 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान 96.60 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक टूटने के बाद अंतः में यह 96.52 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा जो पिछले बंद भाव से 32 पैसे की गिरावट है।

रुपया सोमवार को अब तक के सबसे निचले स्तर 96.20 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘ हमारा अनुमान है कि मजबूत डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में बढ़ोतरी के कारण रुपया गिरावट में रह सकता है…हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक के किसी भी हस्तक्षेप और सोने-चांदी के आयात पर कुछ अंकुश रुपये को निचले स्तर पर सहारा दे सकते हैं।’’’

उन्होंने कहा, ‘‘ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 96 से 96.60 के दायरे में रहने का अनुमान है। ’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.24 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 114.19 अंक टूटकर 75,200.85 अंक पर जबकि निफ्टी 31.95 अंक फिसलकर 23,618 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.92 प्रतिशत की गिरावट के साथ 109.95 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को लगातार तीसरे दिन शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 2,813.69 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा निहारिका निहारिका अजय

अजय