उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद
मुंबई, 25 फरवरी (भाषा) सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच बुधवार को ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली होने से घरेलू शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 50 अंक जबकि निफ्टी में 58 अंक की तेजी दर्ज की गई।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 50.15 अंक यानी 0.06 प्रतिशत बढ़कर 82,276.07 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 731.99 अंक चढ़कर 82,957.91 अंक तक पहुंच गया था।
वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 57.85 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,482.50 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक, टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), सन फार्मा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति सुजुकी और टेक महिंद्रा के शेयर चढ़कर बंद हुए।
दूसरी तरफ रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, अदाणी पोर्ट्स और इटर्नल (जोमैटो) के शेयर गिरावट में रहे।
ऑनलाइन ट्रेडिंग फर्म एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, ‘‘सकारात्मक वैश्विक संकेतों और अमेरिकी प्रौद्योगिकी शेयरों में उछाल से घरेलू बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की। लेकिन ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली हावी होने और वैश्विक व्यापार संबंधी चिंताओं से यह बढ़त सिमट गई।’’
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग उल्लेखनीय बढ़त के साथ बंद हुए।
यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 102.53 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,161.22 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.14 प्रतिशत गिरकर 70.67 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
मंगलवार को सेंसेक्स 1,068.74 अंक टूटकर 82,225.92 अंक और निफ्टी 288.35 अंक के नुकसान के साथ 25,424.65 अंक पर बंद हुआ था।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


