नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) टोरेंट पावर की अनुषंगी टोरेंट ग्रीन एनर्जी ने महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना (एमएसकेवीवाई) 2.0 के तहत 322 मेगावाट क्षमता की विकेंद्रीकृत सौर परियोजनाएं शुरू की हैं।
एमएसकेवीवाई 2.0 योजना प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम) योजना के घटक-सी के तहत ‘फीडर’ स्तर पर सौर ऊर्जा उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई थी।
कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि टोरेंट ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड ने महाराष्ट्र के नासिक जिले में जमीन पर स्थापित 322 मेगावाट क्षमता की विकेंद्रीकृत सौर बिजली परियोजनाएं सफलतापूर्वक शुरू की हैं।
टोरेंट पावर लिमिटेड के पूर्णकालिक निदेशक जिगिश मेहता ने कहा, ‘‘यह उपलब्धि भारत के स्वच्छ ऊर्जा बदलाव में सहयोग देने के साथ कृषि क्षेत्र को भरोसेमंद और दिन के समय बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने की टोरेंट की प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।’’
परियोजना से उत्पादित बिजली महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमएसईडीसीएल) को 25 साल के बिजली खरीद समझौते के तहत दी जाएगी।
टोरेंट पावर 49,000 करोड़ रुपये के टोरेंट समूह की 29,000 करोड़ रुपये की एकीकृत बिजली कंपनी है। टोरेंट समूह देश के बिजली क्षेत्र की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है और बिजली उत्पादन, पारेषण तथा वितरण समेत पूर्ण बिजली मूल्य श्रृंखला में मौजूद है।
भाषा निहारिका
निहारिका