नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) फ्रांसीसी ऊर्जा कंपनी टोटलएनर्जीज ने बुधवार को कहा कि उसने वर्ष 2025 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) में अपनी 1.7 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच दी है।
कंपनी ने बीती तिमाही और वर्ष 2025 के अपने वित्तीय नतीजों पर जारी बयान में कहा कि उसने अक्टूबर-दिसंबर, 2025 के दौरान परिसंपत्तियों की बिक्री से 2.08 अरब अमेरिकी डॉलर जुटाए।
टोटलएनर्जीज के मुताबिक, इन विनिवेश में नाइजीरिया के बोंगा क्षेत्र में गैर-संचालित हिस्सेदारी की बिक्री, मलेशिया के ब्लॉक एसके408 में आंशिक हिस्सेदारी की बिक्री, अमेरिका और यूनान में अक्षय ऊर्जा पोर्टफोलियो में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी की बिक्री तथा अदाणी ग्रीन एनर्जी में 1.7 प्रतिशत हिस्सेदारी की बिक्री शामिल है।
हालांकि, कंपनी ने अपने बयान में अदाणी ग्रीन एनर्जी में हिस्सेदारी बेचने से जुड़े कारणों का उल्लेख नहीं किया।
शेयर बाजार में थोक सौदों के बारे में उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, फ्रांसीसी कंपनी की अनुषंगी टोटलएनर्जीज़ रिन्यूएबल्स इंडियन ओशन ने 10 दिसंबर, 2025 को 17 निवेशकों को थोक लेनदेन के जरिये अदाणी ग्रीन के 2.86 करोड़ शेयर 2,778.09 करोड़ रुपये में बेचे। इस सौदे को 970 रुपये प्रति शेयर के भाव पर अंतिम रूप दिया गया।
इस लेनदेन के बाद अदाणी समूह की नवीकरणीय ऊर्जा इकाई अदाणी ग्रीन एनर्जी में टोटलएनर्जीज की हिस्सेदारी घटकर 17.25 प्रतिशत रह गई, जो पहले 18.99 प्रतिशत थी।
अदाणी ग्रीन एनर्जी में टोटलएनर्जीज अपनी दो सहयोगी कंपनियों- टोटल एनर्जीज सोलर विंड इंडियन ओशन लिमिटेड और टोटलएनर्जीज रिन्यूएबल्स इंडियन ओशन लिमिटेड के जरिये हिस्सेदारी रखती है।
टोटलएनर्जीज ने जनवरी, 2021 में अदाणी ग्रीन में अल्पांश हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया था। भारत के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में विस्तार की रणनीति के तहत उसने तीन संयुक्त उपक्रमों- एजीईएल23 (2020), एआरईएल9 (2023) और एआरईएल64 (2024) में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी भी ली थी।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय