अगरतला, 16 मार्च (भाषा) त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने सोमवार को राज्य सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में पांच प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की, जिससे कुल महंगाई भत्ता बढ़कर 41 प्रतिशत हो गया।
त्रिपुरा के वित्त मंत्री प्रणजीत सिंघा रॉय के बजट भाषण समाप्त करने के कुछ ही समय बाद साहा ने घोषणा की कि यह बढ़ोतरी एक अप्रैल से सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए लागू होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1,02,563 नियमित कर्मचारियों और 81,019 पेंशनभोगियों को महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार सरकारी कर्मचारियों को पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) प्रदान करने के लिए प्रतिवर्ष अतिरिक्त 500 करोड़ रुपये खर्च करेगी। हम कर्मचारियों के लिए डीए बढ़ाने के लगातार प्रयास कर रहे हैं ताकि ताकि यह केंद्र सरकार के कर्मचारियों के डीए के करीब पहुंच सके।’’
वर्तमान में, केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को 58 प्रतिशत डीए देती है।
भाषा योगेश अजय
अजय