सोने का वायदा भाव 2,225 रुपये टूटकर 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर

Ads

सोने का वायदा भाव 2,225 रुपये टूटकर 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर

  •  
  • Publish Date - March 16, 2026 / 07:41 PM IST,
    Updated On - March 16, 2026 / 07:41 PM IST

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) सोने की कीमतों ने सप्ताह की शुरुआत गिरावट के साथ की। सोमवार को वायदा कारोबार में सोने की कीमतें 2,225 टूटकर रुपये टूटकर 1.56 लाख प्रति 10 ग्राम रह गईं। इसकी मुख्य वजह विदेशी बाजारों में मंदी का माहौल और डॉलर का मजबूत होना था।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में, अप्रैल डिलिवरी वाले सोने का वायदा भाव 2,225 रुपये या 1.4 प्रतिशत घटकर 1,56,241 प्रति 10 ग्राम रह गया। इसमें 7,881 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘सोमवार को घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट आई। कीमती धातुओं में यह गिरावट मुख्य रूप से कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण हुई है। कच्चे तेल की कीमतें बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल से पार पहुंच गई हैं, जिससे महंगाई बढ़ने की आशंकाएं बढ़ी हैं और फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें कम हो गई हैं।’’

उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे भू-राजनीतिक तनाव, विशेष रूप से अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष ने बाजार के माहौल को और अधिक जटिल बना दिया है। इसके चलते निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में सोने में अपनी स्थिति पर फिर से विचार कर रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में, अप्रैल माह में डिलिवरी वाले सोने की कीमत कॉमेक्स में 54.31 डॉलर या 1.07 प्रतिशत टूटकर 5,007.39 डॉलर प्रति औंस रह गई।

इंडसइंड सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने कहा, ‘‘लगातार दो सप्ताह तक गिरने के बाद सोने की कीमतें 5,000 डॉलर प्रति औंस के स्तर के आसपास बनी रहीं। इसकी वजह यह थी कि सप्ताहांत में अमेरिका द्वारा ईरान के मुख्य तेल-निर्यात केंद्र ‘खर्ग द्वीप’ पर हमला किए जाने के बाद तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहा, जिससे वैश्विक आपूर्ति जोखिम बढ़ गए।’’

इस बीच, ईरान के खिलाफ अमेरिका और इज़राइल का युद्ध अब अपने तीसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है और इसका कोई स्पष्ट समाधान अभी तक नज़र नहीं आ रहा है, जिससे वित्तीय बाजारों में हलचल मची हुई है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय