निवा बूपा में 2,700 करोड़ रुपये में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेगी ट्रू नॉर्थ

निवा बूपा में 2,700 करोड़ रुपये में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेगी ट्रू नॉर्थ

निवा बूपा में 2,700 करोड़ रुपये में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेगी ट्रू नॉर्थ
Modified Date: September 29, 2023 / 10:04 pm IST
Published Date: September 29, 2023 10:04 pm IST

मुंबई, 29 सितंबर (भाषा) घरेलू निजी इक्विटी कंपनी ट्रू नॉर्थ 2,700 करोड़ रुपये में स्वास्थ्य बीमा कंपनी निवा बूपा में अपनी 20 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेगी। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एक बयान में कहा गया कि ब्रिटेन की कंपनी बूपा कंपनी में बहुलांश शेयरधारक बनने के लिए हिस्सेदारी खरीद रही है। सौदे के बाद विदेशी इकाई के पास उद्यम में 63 प्रतिशत हिस्सेदारी हो जाएगी।

इस सौदे के बाद भी ट्रू नॉर्थ इसमें शेयरधारक बनी रहेगी। ट्रू नॉर्थ ने 2019 में अनलजीत सिंह की मैक्स इंडिया से 511 करोड़ रुपये में कंपनी में 51 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की थी। वर्तमान में ट्रू नॉर्थ की बूपा में 54.51 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई जा रही है।

बयान में कहा गया है कि बूपा ने 2008 में अपनी स्थापना के बाद से ही इस उद्यम में निवेश किया था। इस सौदे को बीमा नियामक इरडा से मंजूरी लेनी होगी।

नियामक वर्तमान में बीमा कंपनियों में 74 प्रतिशत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की अनुमति देता है।

बयान के अनुसार, “ट्रू नॉर्थ कारोबार में अपनी लगभग 20 प्रतिशत हिस्सेदारी बूपा को बेचेगी, जिससे बूपा की हिस्सेदारी लगभग 63 प्रतिशत तक बढ़ जाएगी।”

बयान के अनुसार, निवा बूपा वित्त वर्ष 2022-23 में 4,000 करोड़ रुपये के कुल प्रीमियम के साथ देश की तीसरी सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा कंपनी बन गई, जबकि 2019 में यह 1,000 करोड़ रुपये थी। अब भारत के लगभग हर जिले में इसकी उपस्थिति है।

भाषा अनुराग रमण

रमण


लेखक के बारे में