हैदराबाद हवाई अड्डे पर यूडीएफ घटा, घरेलू यात्रियों से अब 515 रुपये शुल्क लिया जाएगा

Ads

हैदराबाद हवाई अड्डे पर यूडीएफ घटा, घरेलू यात्रियों से अब 515 रुपये शुल्क लिया जाएगा

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 05:59 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 05:59 PM IST

मुंबई, 25 अगस्त (भाषा) विमानपत्तन आर्थिक विनियामक प्राधिकरण (एईआरए) ने हैदराबाद हवाई अड्डे से रवाना होने वाले यात्रियों के लिए उपयोगकर्ता विकास शुल्क (यूडीएफ) घटा दिया है। घरेलू यात्रियों के लिए अब यह शुल्क 515 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 1,030 रुपये होगा।

एईआरए ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि नयी दरें एक सितंबर, 2026 से लागू होंगी और 31 मार्च, 2031 तक प्रभावी रहेंगी।

नियामक ने कहा कि 2026-31 की अवधि के लिए शुल्क का निर्धारण ‘अतिरिक्त समग्र राजस्व आवश्यकता’ (एआरआर) व्यवस्था के आधार पर किया गया है।

एईआरए ने कहा, ‘‘घरेलू यात्रियों के लिए यूडीएफ 515 रुपये प्रति यात्री के उचित स्तर पर निर्धारित किया गया है। यह हवाई अड्डा संचालक द्वारा प्रस्तावित 580 रुपये प्रति यात्री के शुल्क से कम है और हवाई अड्डे पर वर्तमान में लगाए जा रहे 750 रुपये के यूडीएफ से भी कम है।’’

एईआरए ने इस अवधि के लिए लैंडिंग शुल्क भी तय किया है। घरेलू उड़ानों के लिए यह 435 रुपये प्रति टन और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 630 रुपये प्रति टन होगा।

नियामक ने हैदराबाद हवाई अड्डे के लिए परिवर्तनीय शुल्क योजना (वीटीपी) को भी मंजूरी दी है। इसके तहत निर्धारित शर्तें पूरी करने पर लैंडिंग शुल्क में प्रोत्साहन दिया जाएगा।

हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन जीएमआर हैदराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (जीएचआईएएल) करती है।

भाषा यासिर प्रेम

प्रेम