विपुल ऑर्गेनिक्स की इकाई ने डेनमार्क की कंपनी से औद्योगिक मेम्ब्रेन शीट कारोबार का अधिग्रहण किया

Ads

विपुल ऑर्गेनिक्स की इकाई ने डेनमार्क की कंपनी से औद्योगिक मेम्ब्रेन शीट कारोबार का अधिग्रहण किया

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 07:26 PM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 07:26 PM IST

नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) विशेष रसायन बनाने वाली कंपनी विपुल ऑर्गेनिक्स लिमिटेड की इकाई आदिमेम टेक्नोलॉजीज ने प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के जरिये डेनमार्क की कंपनी एक्वापोरिन की विनिर्माण इकाई से औद्योगिक ‘मेम्ब्रेन शीट’ (पानी की अशुद्धियों को छानने वाली झिल्ली) बनाने के कारोबार का अधिग्रहण किया है।

कंपनी ने बयान में कहा कि इस मंच में ‘प्रिसीजन मेम्ब्रेन कास्टिंग’, कोटिंग और ड्राइंग से जुड़ा बुनियादी ढांचा तथा संबंधित प्रक्रिया नियंत्रण और विनिर्माण प्रणालियां शामिल हैं। इसे गुजरात के सायखा स्थित आदिमेम के संयंत्र में स्थानांतरित किया जाएगा।

विपुल ऑर्गेनिक्स के अनुसार, अधिग्रहीत उपकरण वही उत्पादन-स्तरीय मंच है जिसका इस्तेमाल एक्वापोरिन अपने मेम्ब्रेन विकास और विनिर्माण के लिए करती थी। इससे आदिमेम को रिवर्स ऑस्मोसिस (आरओ) और नैनोफिल्ट्रेशन (एनएफ) मेम्ब्रेन के उत्पादन की ऐसी क्षमताएं मिलेंगी, जिन्हें आमतौर पर खुद विकसित करने में कई साल लगते हैं।

विपुल ऑर्गेनिक्स के प्रबंध निदेशक विपुल पी. शाह ने कहा, ‘‘यह अधिग्रहण भारत से वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी मेम्ब्रेन प्रौद्योगिकी कारोबार स्थापित करने के हमारे दृष्टिकोण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।’’

भाषा यासिर अजय

अजय