नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के कारण हुए स्थानीय नुकसान के बावजूद चालू फसल वर्ष 2025-26 (जुलाई-जून) में देश का गेहूं उत्पादन, पिछले साल के 11 करोड़ 79.4 लाख टन को स्तर को लांघ जाने की संभावना है।
चौहान ने यहां एक कार्यक्रम के मौके पर संवाददाताओं से कहा, ”हमारा मानना है कि गेहूं का उत्पादन पिछले साल से बेहतर होगा।”
उन्होंने कहा कि फसल अच्छी है और रिकॉर्ड खरीद होगी।
मुख्य रबी (सर्दियों) की फसल – गेहूं की कटाई – प्रमुख उत्पादक राज्यों में लगभग पूरी हो चुकी है। इसकी खरीद जोरों पर है। कृषि मंत्रालय ने बेमौसम बारिश से पहले 2025-26 में 12 करोड़ 2.1 लाख टन गेहूं उत्पादन का अनुमान लगाया था, जो पिछले साल के वास्तविक उत्पादन से अधिक है।
हालांकि, रोलर फ्लोर मिलर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (आरएफएफआई) ने 14 अप्रैल को अनुमान लगाया था कि हाल के मौसम की क्षति को ध्यान में रखते हुए उत्पादन में मामूली गिरावट आएगी।
खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा ने दोनों अनुमानों के बीच अंतर को पाटने की कोशिश की। उन्होंने कहा था, ‘‘फेडरेशन ने 11 करोड़ टन गेहूं उत्पादन का अनुमान लगाया है, लेकिन बारिश से पहले कृषि मंत्रालय द्वारा दिया गया आंकड़ा 12 करोड़ टन है। वास्तविकता 11 से 12 करोड़ टन के बीच होगी।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय