नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी विप्रो का शेयर शुक्रवार को लगभग तीन प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।
कंपनी ने शेयर में यह गिरावट मार्च तिमाही के कमजोर नतीजों और सीमित वृद्धि अनुमान के बाद दर्ज की गई।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी- मार्च तिमाही में 3,501.8 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान अवधि की तुलना में 1.89 प्रतिशत कम है।
बीएसई पर कंपनी का शेयर 2.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ 204.35 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 3.61 प्रतिशत तक गिरकर 202.60 रुपये पर आ गया था।
एनएसई पर यह 2.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ 204.32 रुपये पर बंद हुआ, जबकि कारोबार के दौरान इसमें 3.69 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
इस गिरावट के चलते कंपनी का बाजार मूल्यांकन 6,100.02 करोड़ रुपये घटकर 2,14,332.80 करोड़ रुपये रह गया।
विप्रो ने बृहस्पतिवार को बताया कि जनवरी- मार्च तिमाही में उसका शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2024-25 की तुलना में 1.89 प्रतिशत घटा है।
कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और प्रबंध निदेशक श्रीनी पल्लिया ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं, जिन्हें उन्होंने नई सामान्य स्थिति बताया। इसमें भू-राजनीतिक और नीतिगत अनिश्चितताएं शामिल हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कुल सूचना प्रौद्योगिकी खर्च में स्थिरता बनी हुई है।
भाषा योगेश रमण
रमण