बलरामपुर (उप्र), 14 मई (भाषा) बलरामपुर जिले के सादुल्लाह नगर थानाक्षेत्र में बृहस्पतिवार को नकाबपोश हमलावरों ने एक पूर्व ग्राम प्रधान एवं भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष की कथित रूप से पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि परसरामपुर गांव में तनाव के मद्देनजर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को एक शादी समारोह के दौरान कुछ लोगों के बीच विवाद हो गया था।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार को कुछ नकाबपोश लोग स्कॉर्पियो गाड़ी से गांव पहुंचे और कथित तौर पर पहले के विवाद को लेकर कुछ ग्रामीणों पर हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि शोर सुनकर पूर्व ग्राम प्रधान और पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष राम तेज यादव (56) मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप करने की कोशिश की।
पुलिस का कहना है कि हमलावरों ने यादव पर लाठियों और लोहे की छड़ों से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने कहा कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया और बाद में उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पूछताछ के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।
कुमार ने कहा, ‘‘हत्या में शामिल आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’
उन्होंने बताया कि गांव में तनाव को देखते हुए कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार