छत्तीसगढ़ : बस्तर जिले में यात्री बस अनियंत्रित होकर पलटी, एक महिला की मौत व 22 लोग घायल

Ads

छत्तीसगढ़ : बस्तर जिले में यात्री बस अनियंत्रित होकर पलटी, एक महिला की मौत व 22 लोग घायल

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 11:12 AM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 11:12 AM IST

जगदलपुर, 18 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में सोमवार तड़के यात्री बस के अनियंत्रित होकर पलटने से उसमें सवार एक महिला यात्री की मौत हो गई तथा 22 से अधिक यात्री घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के बस्तर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रायपुर से जगदलपुर आ रही रॉयल ट्रैवल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई जिसमें एक महिला यात्री की मौत हो गई तथा 22 से अधिक यात्री घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे।

अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आज सुबह जब बस बस्तर थाना क्षेत्र में थी तभी चालक को अचानक झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया।

घटना के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में कबीरधाम जिले की निवासी पदमनी चंद्रवंशी की मौके पर ही मौत हो गई जो सुकमा जिले के दोरनापाल में शिक्षिका के रूप में पदस्थ थीं।

वहीं, एक महिला समेत 22 से अधिक यात्री घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा आसपास के ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।

अधिकारियों ने बताया कि घायलों और शव को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

भाषा सं संजीव

मनीषा खारी

खारी