रायपुर, नौ अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की राइफल से दुर्घटनावश गोली चल गई। इस घटना में किसी के भी हताहत होने की जानकारी नहीं है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक आरक्षक ने मंगलवार को गलती से अपने सरकारी हथियार से गोलियां चला दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी को चोट नहीं पहुंची है।
उन्होंने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई जब आरक्षक राकेश यादव राखी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित पुलिस मुख्यालय में अपनी ड्यूटी खत्म होने के बाद अपने बैरक के पास था।
उन्होंने बताया कि जब वह हथियार रख रहा था तब उसके इंसास राइफल से गलती से कुछ राउंड गोलियां निकल गईं।
अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) की 14वीं बटालियन का जवान यादव उत्तर प्रदेश के जौनपुर का निवासी है।
उन्होंने बताया कि आरक्षक से पूछताछ की जा रही है तथा इस मामले की जांच की जा रही है।
भाषा संजीव रंजन
रंजन