छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में माओवादियों के डंप से विस्फोटक और 24 लाख रुपये बरामद
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में माओवादियों के डंप से विस्फोटक और 24 लाख रुपये बरामद
नारायणपुर (छत्तीसगढ़), 26 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों ने जंगलों में माओवादियों द्वारा छिपाए गए दो डंप से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और 24 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि 31 मार्च को छत्तीसगढ़ को सशस्त्र नक्सलवाद से मुक्त घोषित किए जाने के बाद सुरक्षा बलों ने बस्तर क्षेत्र (जिसमें नारायणपुर सहित सात जिले शामिल हैं) में तलाशी अभियान तेज कर दिया है, ताकि माओवादियों द्वारा पहले छिपाई गई नकदी, हथियार और विस्फोटकों का पता लगाया जा सके।
उन्होंने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर, इस सप्ताह की शुरुआत में ओरछा और छोटेडोंगर पुलिस थाना क्षेत्रों में अलग-अलग तलाशी अभियान चलाए गए, जिसके परिणामस्वरूप हथियार, विस्फोटक और नकदी की बरामदगी हुई।
उन्होंने बताया कि ओरछा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत टेकला गांव के जंगली पहाड़ी इलाकों में तलाशी अभियान के दौरान, सुरक्षा कर्मियों को माओवादियों का एक डंप मिला, जिसमें जंगल में छिपाए गए हथियार, गोला-बारूद, संचार उपकरण और अन्य सामान मौजूद था।
अधिकारियों ने बताया कि बरामद सामान में एक इंसास राइफल, दो इंसास मैगजीन और 21 कारतूस, दो एसएलआर राइफल, चार एसएलआर मैगजीन और 63 कारतूस, दो .303 राइफल, दो .303 मैगजीन तथा 65 कारतूस, दो 30-OC बंदूकें, नौ मैगजीन और 36 कारतूस, एक बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) लॉन्चर, एक सिंगल-शॉट बंदूक, तीन डेटोनेटर और दो स्कैनर शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि छोटेडोंगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत टोयामेटा की जंगल पहाड़ियों में एक अन्य अभियान के दौरान, सुरक्षा बलों ने बृहस्पतिवार को माओवादियों के एक डंप में छिपाकर रखे गए 24 लाख रुपये नकद बरामद किए।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बल लगातार माओवाद-विरोधी अभियानों के माध्यम से जिले में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
नारायणपुर पुलिस ने लोगों से यह भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या जानकारी की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास को मजबूत करने में सहयोग करें।
भाषा संजीव वैभव
वैभव

Facebook


