भारत अंतरिक्ष कार्यक्रमों में एक उभरती हुई शक्ति, दुनिया का ध्यान कर रहा है आकर्षित : शुभांशु शुक्ला

Ads

भारत अंतरिक्ष कार्यक्रमों में एक उभरती हुई शक्ति, दुनिया का ध्यान कर रहा है आकर्षित : शुभांशु शुक्ला

  •  
  • Publish Date - February 3, 2026 / 04:04 PM IST,
    Updated On - February 3, 2026 / 04:04 PM IST

रायपुर, तीन फरवरी (भाषा) अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने मंगलवार को कहा कि जटिल मिशनों को सफलतापूर्वक पूरा करने की क्षमता और महत्वाकांक्षी नीतियों के साथ भारत अंतरिक्ष कार्यक्रमों में एक उभरती हुई शक्ति के रूप में सामने आया है, जिसने दुनिया भर का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।

उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में पेश किए गए केंद्रीय बजट में अंतरिक्ष विभाग के लिए आवंटन में दो प्रतिशत की वृद्धि भारत की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं के लिए मजबूत नेतृत्व समर्थन का संकेत है।

शुक्ला ने रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान अंतरिक्ष विज्ञान में भारत की तीव्र प्रगति और इस क्षेत्र में उभरते करियर के अवसरों के बारे में बच्चों को सूचित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा कि जानकारी की कमी युवाओं को अपने भविष्य के रास्ते चुनने में सीमित कर देती है।

शुक्ला ने कहा कि बच्चों के लिए यह समझना आवश्यक है कि देश किस दिशा में अग्रसर है और गगनयान जैसे मिशन और भविष्य के चंद्र कार्यक्रम सहित अंतरिक्ष अन्वेषण में क्या कर रहा है।

भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुक्ला ने पिछले वर्ष जून-जुलाई में 18 दिवसीय मिशन पूरा किया था और वह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय हैं।

वह मंगलवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी में नवा रायपुर के अटल नगर स्थित राखी गांव के एक सरकारी स्कूल में विद्यालयों के लिए ‘सिम्युलेटर सहित अंतरिक्ष प्रयोगशाला’ का उद्घाटन करने आए थे।

शुक्ला ने अंतरिक्ष विज्ञान में वैश्विक स्तर पर भारत की छवि के बारे में पूछे जाने पर कहा कि वैश्विक मंच पर भारत को सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है।

उन्होंने कहा, “दुनिया को भारत से उम्मीदें हैं। हमारे मिशनों पर करीबी नजर रखी जाती है, क्योंकि हमने जटिल कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया है। हमारी क्षमताओं और महत्वाकांक्षी नीतियों ने भारत को अंतरिक्ष कार्यक्रमों में एक उभरती हुई शक्ति के रूप में स्थापित किया है।”

शुक्ला ने केंद्रीय बजट में अंतरिक्ष विभाग के लिए आवंटन में दो प्रतिशत से अधिक की वृद्धि के बारे में पूछे जाने पर कहा कि यह भारत की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं के लिए नेतृत्व के मजबूत समर्थन को दर्शाता है।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप