Reported By: Komal Dhanesar
,Jaundice in Bhilai. Image Source- IBC24
भिलाई: Jaundice in Bhilai: छत्तीसगढ़ की इस्पात नगरी भिलाई में एक बार फिर पीलिया ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि यहां 30 से अधिक लोगों को पीलिया की पुष्टि हुई है, जिसमें से अधिकतर 10 से 18 साल तक के बच्चे हैं। स्थानीय लोगों की मानें तो बीएसपी की पाइपलाइन से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है, जिसके चलते लोग पीलिया की चपेट में आ रहे हैं। बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब टाउनशिप में पीलिया का प्रकोप देखने को मिला है, कुछ साल पहले यहां पीलिया से करीब 1 दर्जन लोगों की मौत भी हुई थी।
Jaundice in Bhilai: मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर 7 के वार्ड नंबर 67 में 30 से ज्यादा लोग पीलिया की चपेट में आ चुके हैं। पीछे तीन से चार दिनों में यहां लगातार एक के बाद एक पीलिया के मामले सामने आने लगे हैं। आज तक के आंकड़ों पर गौर करें तो मरीजों की संख्या अब 30 तक पहुंच चुकी है। मोहल्ले के लोगों ने निगम के स्वास्थ्य प्रभारी और बगल के वार्ड के पार्षद लक्ष्मीपति राजू को उसकी जानकारी दी। इसके बाद निगम का अमला और बीएसपी स्वास्थ्य विभाग की टीम यहां पहुंची।
मोहल्ले वालों का आरोप है कि लगातार बीएसपी के पाइपलाइन से गंदा पानी आ रहा है और उनकी मजबूरी है कि वह इस पानी को पीए। लगातार 10 मिनट गंदा पानी आने के बाद जब साफ पानी आता है, तब वह पीने का पानी भरते हैं। वही पानी आज पीलिया की वजह बन रहा है।
इधर स्वास्थ्य प्रभारी लक्ष्मीपति राजू का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में पीलिया फैलने की जानकारी मिलने के बाद आज सुबह से वह लगातार वार्ड में पहुंचकर इसके निदान की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसकी मूल वजह बीएसपी की पुरानी पाइपलाइन है, जो नाले के अंदर से होकर गुजरी है। उन्होंने बीएसपी प्रबंधन पर भी आरोप लगाया की इसकी जिम्मेदारी बीएसपी की है, क्योंकि लगातार कई वर्षों से बीएसपी के हर सेक्टर में गंदा पानी आ रहा है और इसी बीच विधायक देवेंद्र यादव और महापौर नीरज पाल ने कुछ सेक्टर में वाटर एटीएम भी लगाए, ताकि लोग कम से कम पीने का साफ पानी पी सके। लेकिन प्रबंधन अब अन्य वाटर एटीएम लगाने की एनओसी भी नहीं दे रहा है।
इधर नगर निगम की ओर से 77 एमएलडी फिल्टर प्लांट से भी टीम यहां पहुंची और करीब 12 घरों से पानी का सैंपल भी लिया गया है। जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीम भी यहां पहुंच कर लोगों के घरों का सर्वे भी कर रही है। फिलहाल अब लोगों को इंतजार है कि बीएसपी इस पाइपलाइन को बदले या नगर निगम उन्हें स्वच्छ पानी उपलब्ध कारण ताकि वह बीमार ना पड़े और पीलिया जैसी बीमारी न फैले।