Reported By: Prashant Sahare
,UP Crime News/Image Source- IBC24
खैरागढ़: जिले में सामने आये एक हत्या के मामले को स्थानीय पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर सुलझा लेने का दावा किया है। यह वारदात ग्राम गाड़ाडीह में घटित हुई थी। यहां एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। (Khairagarh Thekedar Blind Murder News) कत्ल के इस मामले में खैरागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक तुलाराम पटेल (45 वर्ष) पिता कार्तिक राम पटेल, निवासी किल्लापारा वार्ड क्रमांक 11 खैरागढ़, बिल्डिंग ठेकेदारी का कार्य करता था। उसके साथ ग्राम गाड़ाडीह निवासी परदेशनीन बाई (40 वर्ष) रेजा मजदूर के रूप में काम करती थी। बताया जा रहा है कि तुलाराम पटेल कभी-कभी उसे अपनी मोटरसाइकिल से उसके घर छोड़ने जाता था। महिला मजदूर को मोटरसाइकिल में बिठाकर घर छोड़ना ठेकेदार तुलाराम को महंगा पड़ गया।
8 मार्च 2026 की शाम को भी तुलाराम पटेल उसे छोड़ने ग्राम गाड़ाडीह गया था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने अवैध संबंध के शक में उसे घेर लिया और “तुम यहां क्यों आते हो, गांव को बिगाड़ रहे हो” कहते हुए उसके साथ हाथ, मुक्का और लात से मारपीट कर दी। (Khairagarh Thekedar Blind Murder News) मारपीट में तुलाराम पटेल के चेहरे और शरीर में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में थाना खैरागढ़ में मर्ग क्रमांक 29/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 107/2026 धारा 103(2), 190, 191(1), 191(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कीर्तन यादव उर्फ मुन्ना (35), समय यादव (45), आशीष यादव उर्फ बोदू (42), रूपलाल वर्मा (26), पल्टन वर्मा (60) और पवन वर्मा (35) को गिरफ्तार किया है।
इस घटना में शामिल दो नाबालिग बालकों को भी हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपी ग्राम गाड़ाडीह, थाना खैरागढ़, जिला केसीजी के निवासी हैं। (Khairagarh Thekedar Blind Murder News) पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना जारी है।