कोरबा, दो मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कथित तौर पर भालू के हमले में एक ग्रामीण युवक की मौत हो गयी। अधिकारियों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले के कटघोरा वनमंडल के अंतर्गत केंदई वन परिक्षेत्र के सखोदा परिसर में कथित तौर पर भालू के हमले में एक युवक संतोष कुमार गोंड (26) की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि सलाईगोट गांव निवासी संतोष रविवार सुबह लगभग 11 बजे बकरियां चराने के लिए जंगल की ओर गया था। दोपहर बाद लगभग दो बजे बकरियां घर वापस लौट गईं, लेकिन संतोष कुमार के नहीं लौटने पर परिजनों ने ग्रामीणों और वन विभाग को इसकी सूचना दी।
उन्होंने बताया कि वन विभाग को सूचना मिलने के बाद क्षेत्र के रेंजर अभिषेक दुबे और वन विभाग का दल ग्रामीणों के साथ युवक की खोज में रवाना हुआ और आधी रात के बाद करीब डेढ़ बजे जंगल के भीतर सखोद परिसर में संतोष का शव बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि शव के करीब जंगली जानवर के पैरों के निशान पाए गए, जिससे आशंका जताई जा रही है कि संतोष का सामना भालू से हो गया था। भालू के हमले में ही उसकी मौके पर मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
कटघोरा क्षेत्र के वनमंडल अधिकारी कुमार निशांत ने बताया कि नियमानुसार जंगली जानवर के हमले में जनहानि पर दी जाने वाली तात्कालिक सहायता राशि 25 हजार रुपये संतोष के परिजनों को प्रदान कर दी गई है। नियमानुसार सभी औपचारिकता पूरी होने के बाद उन्हें शेष 5.75 लाख रुपये दी जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग ने लोगों से जंगल क्षेत्र में सावधानी बरतने की अपील की है।
भाषा सं संजीव रंजन
रंजन