Naxal Attack in Sukma
रायपुरः Naxal Attack in Sukma छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के कैंप के करीब गोलीबारी की । इस घटना में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कोबरा बटालियन का प्रधान आरक्षक शहीद हो गया । पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र के अंतर्गत डब्बाकोंटा गांव स्थित शिविर के करीब नक्सलियों ने गोलीबारी की है। इस घटना में कोबरा बटालियन का प्रधान आरक्षक सुलेमान की मौत हो गयी ।
Naxal Attack in Sukma उन्होंने बताया कि आज शाम करीब पांच बजे जब जवान डब्बाकोंटा गांव में बने नए शिविर और पेंटापाड़ जंगल के मध्य सुरक्षा में तैनात थे तभी नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि इसके बाद नक्सली वहां से फरार हो गए और इस गोलीबारी में प्रधान आरक्षक सुलेमान घायल हो गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद घायल जवान को सीआरपीएफ के फील्ड अस्पताल में भेजा गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि सुलेमान केरल के पालक्कड़ जिले का निवासी था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद हमलावर नक्सलियों की खोज में अतिरिक्त बल को रवाना किया गया है। नक्सलियों की तलाश की जा रही है।