नक्सलियों ने की ग्रामीण की हत्या

नक्सलियों ने की ग्रामीण की हत्या

नक्सलियों ने की ग्रामीण की हत्या
Modified Date: November 29, 2022 / 08:46 pm IST
Published Date: December 31, 2021 7:53 pm IST

राजनांदगांव, 31 दिसंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित राजनांदगांव जिले में नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में एक ग्रामीण की हत्या कर दी ।पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।

राजनांदगांव जिले के पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि जिले के औंधी थाना क्षेत्र के अंतर्गत निडेली गांव में नक्सलियों ने तीजूराम बोगा (30) की पीट पीटकर हत्या कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि आज तड़के नक्सलियों का एक छोटा दल निडेली गांव पहुंचा और बोगा को घर से बाहर निकालकर उसकी पिटाई शुरू कर दी और जब उसकी पत्नी ने इसका विरोध किया तब नक्सलियों ने धमकाकर उसे वहां से भगा दिया।

उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने देर तक बोगा को लाठी डंडे से पीटा और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी, घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जब घटना की जानकारी मिली तब गांव के लिए पुलिस दल रवाना किया गया और ग्रामीण का शव बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा उसके परिजनों को सौंप दिया है। क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

भाषा सं संजीव संजीव रंजन

रंजन


लेखक के बारे में