Raipur NCC Camp/Image Source: IBC24
रायपुर : Raipur NCC Camp: छत्तीसगढ़ के छात्रों को भारतीय नौसेना के साथ विशेष प्रशिक्षण करने का मौका मिल रहा है। दरअसल, नेशनल कैडेट कॉर्प्स की ओर से रायपुर के लखोली में एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया है। इस कैंप में छात्रों से मिलने और उनकी ट्रेनिंग देखने छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश निदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल विक्रांत ए. धूमने रायपुर पहुँचे। उन्होंने रायपुर स्थित लखोली कैंप साइट एवं कोडार डैम पर आयोजित मोस्ट एंटरप्राइजिंग नेवल यूनिट तथा कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ ब्रिगेडियर डी. के. पात्रा, समूह कमांडर रायपुर समूह, भी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान एडीजी ने एनसीसी कैडेट्स द्वारा की जा रही विभिन्न साहसिक गतिविधियों जैसे नौका खींचना, नौकायन एवं अन्य जलक्रीड़ा अभ्यासों का अवलोकन किया।
Raipur NCC Camp: उन्होंने कैडेट्स से संवाद करते हुए उनके उत्साह, अनुशासन और समर्पण की सराहना की। लगभग 300 कैडेट्स को संबोधित करते हुए मेजर जनरल धूमने ने जीवन में अनुशासन के महत्व पर बल दिया तथा एनसीसी की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि यह संगठन युवाओं के चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। 24 अक्टूबर से प्रारंभ हुए इन दो नौसैनिक शिविरों में कैडेट्स को समुद्री प्रशिक्षण के साथ-साथ पैरासेलिंग, ज़िपलाइनिंग, स्कीट शूटिंग, तीरंदाज़ी और वॉल क्लाइम्बिंग जैसी रोमांचक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ।
Raipur NCC Camp: साहसिक प्रशिक्षण के साथ-साथ कैडेट्स ने विभिन्न सामाजिक अभियानों में भी सक्रिय भागीदारी की, जिनमें स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, नशा मुक्ति अभियान, स्वच्छ भारत अभियान तथा रक्तदान शिविर जैसे कार्यक्रम शामिल थे। इन गतिविधियों का उद्देश्य कैडेट्स में सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक सेवा की भावना विकसित करना है। एडीजी मेजर जनरल धूमने ने रायपुर समूह के अधिकारियों एवं स्टाफ की प्रशंसा करते हुए शिविर के सफल आयोजन और भावी जिम्मेदार एवं अनुशासित नागरिकों के निर्माण हेतु उनके योगदान की सराहना की।