रायपुर, 17 अक्टूबर (भाषा) छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के दल ने राज्य के सक्ती और कोरिया जिले में कार्रवाई कर रिश्वत लेने के आरोप में पुलिस कर्मचारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि एसीबी के दल ने सक्ती जिले में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) को तथा कोरिया जिले में सहायक पुलिस उपनिरीक्षक और उसके सहयोगी को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि सक्ती जिले के डभरा गांव निवासी उमेश कुमार चंद्रा ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत की थी कि वह ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर कार्यालय डभरा में क्लर्क के पद पर पदस्थ है। उसकी यात्रा भत्ता बिल राशि के भुगतान के एवज में डभरा के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) राजेंद्र कुमार पटेल ने 32,500 रुपए रिश्वत की मांग की थी, जिसमें से 16,500 रुपये ‘एडवांस’ के रूप में ले लिया था।
अधिकारियों ने बताया कि चंद्रा रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत के सत्यापन के दौरान मोलभाव के बाद आरोपी पटेल ने चंद्रा से 15 हजार रूपए और लेने पर सहमति जताई।
उन्होंने बताया कि जब आज आरोपी पटेल, चंद्रा से 15 हजार रूपये प्राप्त कर रहा था तब उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि एसीबी के दल ने राज्य के कोरिया जिले में कार्रवाई कर सहायक पुलिस उपनिरीक्षक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
भाषा
संजीव
रवि कांत